पटना के मीनाक्षी होटल में 20 अक्टूबर को महिला कांस्टेबल शोभा कुमारी की हत्या हो गयी थी। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि शोभा के पति ने ही की थी। इस बात का खुलासा शोभा के पति गजेंद्र ने खुद ही किया है। बता दें कि रविवार को शोभा के पति ने गजेंद्र ने जहानाबाद के काको थाना में सरेंडर कर दिया है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शोभा का अफेयर एक सिपाही के साथ था। इस बात को लेकर दोनों में हमेशा झड़प होती रहती थी। मना करने के बाद भी शोभा का सिपाही के साथ मिलना-जुलना बंद नहीं हो रहा था। इसी बात से तंग आकर गजेंद्र ने शोभा की हत्या कर दी। पुलिस गजेंद्र को जहानाबाद से पटना लाकर पूछताछ कर रही है। 

देसी कट्टा लाने का पत्नी पर लगाया आरोप

गजेंद्र ने पुलिस को बताया है कि अगर उसने शोभा को नहीं मारा होता तो शोभा ही उसकी जान ले लेती। उसने मृतका शोभा पर आरोप लगाते हुए कहा कि शोभा ने ही उसे पटना के होटल में मिलने की बात कही थी। वो जहानाबाद से पटना शोभा के कहने पर ही आया और उसी के कहने पर होटल में कमरा बुक किया था। गजेंद्र ने पुलिस को ये भी बताया कि शोभा उसकी जान लेने के लिए अपने साथ देसी कट्टा भी लेकर आयी थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक देसी कट्टा या हत्या में इस्तेमाल हुए हथियार को बरामद नहीं किया है। बता दें कि गजेंद्र जहानाबाद में कोचिंग चलाता है।  मामले की जांच कर रहे डीएसपी विधि व्यवस्था कृष्ण मुरारी ने बताया कि आरोपी गजेंद्र को जहानाबाद से पटना लाकर उससे पूछताछ की जा रही है।

हत्या के एक दिन पहले बुक कराया कमरा 

मुरारी ने बताया कि गजेंद्र ने हत्या के एक दिन पहले पटना के मीनाक्षी होटल में कमरा बुक कराया था। बुकिंग के समय उसने होटल में अपना और शोभा का आधार कार्ड दिया था। उसने होटल मैनेजर को बताया था कि उसकी पत्नी सिपाही है और वो सुबह उससे मिलने आने वाली है। मैनेजर ने गजेंद्र को होटल का कमरा न 303 दिया था। यह कमरा तीसरी मंजिल पर है और इसके सामने भीड़भाड़ वाली सड़क है। इसी कारण से कमरे में गोली चलने की आवाज को बगल के कमरे में रुके लोग नहीं सुन पाये। हालांकि 20 अक्टूबर की सुबह में पति-पत्नी के बीच हुई तेज बहस को कुछ लोगों ने सुना था। इसी के बाद गजेंद्र ने शोभा के सिर में दो गोली मारी औऱ फरार हो गया। इससे शोभा का चेहरा बुरी तरह से बिगड़ गया। गजेंद्र ने शोभा से 2016 में दूसरा विवाह किया था। शोभा ने 2021 में बिहार पुलिस की नौकरी ज्वाइन की थी।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *