रांची झारखंड में धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. मौसम केंद्र, रांची की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, डालटनगंज में 35.2 डिग्री और बोकारो में 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है. 6 मार्च को दोपहर बाद से राज्य में आंशिक बादल छाने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 7 मार्च को झारखंड के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के इलाके शामिल हैं. वहीं 8 मार्च को राज्य के पूर्वी भागों में भी मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इनमें दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ जैसे जिले शामिल हैं. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है, लेकिन बादल और संभावित बारिश के कारण कुछ इलाकों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *