झारखंड पुलिस में एडीजी ट्रेनिंग पद पर पदस्थापित प्रिया दुबे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रिया दुबे के खिलाफ राज्य सरकार ने विभागीय कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। मालूम हो कि सीबीआई ने आरपीएफ के तत्कालीन कमांडेंट संतोष दुबे (प्रिया दुबे के पति) पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में जांच के बाद सीबीआई ने राज्य सरकार को पत्र लिखा था जिसमें CBI ने प्रिया दुबे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की थी। मगर राज्य सरकार ने प्रिया दुबे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू नहीं की थी। प्रिया दुबे पर विभागीय कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार पत्र लिखा था जिसके बाद अब उनपर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मगर प्रिया दुबे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का संचालन कौन करेगा इसे लेकर अभतक कुछ भी तय नहीं किया गया है।

1997 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं प्रिया दुबे

बता दें, प्रिया दुबे 1997 बैच की आईपीएस अधिकारी है। इस वक्त वर्तमान में वे झारखंड एडीजी ट्रेनिंग के पद पर पदास्थापित है। एडीजी रैंक के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीजी रैंक के अधिकारी को विभागीय संचालन पदाधिकारी बनया जाता है। गौरतलब है कि सीबीआई पटना ने साल 2013 में प्रिया दुबे के पति संतोष कुमार दुबे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इसके बाद सीबीआई ने राज्य सरकार से प्रिया दुबे के खिलाफ भी मामले में जांच के लिए अनुमति मांगी थी। राज्य सरकार की तरफ से अनुमति मिलने पर सीबीआई ने प्रिया दुबे के खिलाफ मामले में जांच की थी जिसमें यह पाया गया कि साल 1996 से 2013 तक प्रिया दुबे और उनके पति संतोष कुमार दुबे यानी कि दोनों अधिकारियों की सभी स्रोतों से जायज आमदनी 1.57 करोड़ रुपये थी। हालांकि इस अवधि के दौरान दोनों के पास मौजूद कुल संपत्ति की कीमत 2.65 करोड़ रुपये थी। 

ED ने भी जब्त की थी संपत्ति 

मामले में सीबीआई ने संतोष दुबे के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। वहीं प्रिया के खिलाफ सरकार को विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया था। हालांकि सरकार ने कार्रवाई नहीं की, इसी वजह से वह आईजी से एडीजी रैंक में प्रोन्नत हो गईं। आय से अधिक संपत्ति मामले में चार्जशीट दायर होने के बाद ईडी ने भी इस केस में कार्रवाई करते हुए दिसंबर 2021 में संतोष दुबे व प्रिया दुबे के अशोकनगर, दिल्ली के ग्रीन व्यू स्थित फ्लैट, डिफेंस कॉलोनी स्थित फ्लैट को जब्त किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *