रांची 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज 19 खेलों के लिए राज्य के 222 खिलाड़ियों एवं 48 प्रशिक्षकों के बीच लगभग 5 करोड़ रुपए की सम्मान राशि का वितरण पुरस्कार स्वरूप किया। इस मौके पर सीएम हेमंत ने कहा कि मेरी परिकल्पना है कि इस तरह का आयोजन यहां लगातार होता रहे, ताकि इसका संदेश सिर्फ झारखंड ही नहीं पूरी दुनिया में गूंजे। हमारी सरकार इसी परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रही है कि आने वाले दिनों में देश का कोई भी खेल बिना झारखंड के खिलाड़ियों के पूरा न हो। यें बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव, रांची में आयोजित “खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मान राशि वितरण समारोह” में कही। 

अब खिलाड़ियों को सम्मान राशि के रूप में कम से कम 50 हजार 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों को सिर्फ मेडल जीतने के लिए तैयार नहीं करेंगे, बल्कि झारखंड में खेल का एक वट वृक्ष तैयार करने के उद्देश्य से कार्य करेंगे। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए खेल विभाग ने पंचायत, प्रखंड, जिला, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोशिश शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 खिलाड़ियों को सरकार ने सीधी नियुक्ति दी है। खिलाड़ियों की आगे भी नियुक्तियां होती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में बहुत ही कम राशि खिलाड़ियों को बतौर सम्मान राशि वितरित की जाती थी, जो न्याय संगत नहीं था। कोई भी नकद पुरस्कार 50 हजार से कम न हो, यह हमारी सरकार ने तय किया है। इसकी अधिकतम सीमा पांच करोड़ रुपए तक सरकार ने तय की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो शारीरिक रूप से ठीक नहीं है और खेल के प्रति जिनका रुझान है उनके लिए भी खेल प्रतिस्पर्धा हेतु अलग व्यवस्था बनाएंगे।

पंचायत स्तर पर “सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब” 
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पंचायत स्तर पर खेल संस्कृति को और मजबूत करने के लिए “सिदो-कान्हो युवा खेल क्लब” शुरू किया जा रहा है। प्रत्येक क्लब को प्रतिवर्ष 25,000/- (पच्चीस हजार रुपए) की अनुदान राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे क्षेत्र जो नक्सल प्रभावित हैं, वहाँ भी युवाओं को खेल से जोड़ कर सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने के उदेश्य से सहाय योजना की शुरुआत हमारी सरकार ने की है। पिछले वर्ष लगभग 75 हजार खिलाड़ियों ने सहाय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस वर्ष हम इसका दायरा 5 जिला से बढ़ा कर 7 जिला करने वाले हैं।

झारखंड करेगा एशियन महिला हॉकी चैंपियंस की मेजबानी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देश में पहली बार हॉकी इण्डिया एवं राज्य सरकार द्वारा झारखंड विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी – 2023″ का आयोजन 27 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2023 के बीच किया जा रहा है। इसमें एशिया के 06 देशों की टीमें भाग लेंगी। झारखंड की बेटियां भी इस टूर्नामेंट में खेलेंगी। यह पहला मौका है जब इतने बड़े प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड में किया जा रहा है

जोहर पोर्टल से करेंगे खिलाड़ियों को मदद

मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल विभाग ने जोहार खिलाड़ी पोर्टल की शुरुआत भी की है, यह पोर्टल देश का पहला ऐसा पोर्टल है जहां खेल और खिलाड़ियों का डेटा एकत्रित कर उन्हें हर सम्भव मदद दी जायेगी। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद महुआ माजी, मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, विभागीय सचिव श्री मनोज कुमार, नगर आयुक्त  अमित कुमार, खेल निदेशक श्री सुशांत गौरव सहित कई पूर्व ओलंपियन खिलाड़ी, सम्मानित हुए खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

सार- दी फॉलोअप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *