रांची। नगर निगम आयुक्त सुशांत गौरव के निर्देशानुसार रांची नगर निगम की जलापूर्ति शाखा द्वारा शहर में भूगर्भ जल दोहन एवं अवैध जल उपयोग के विरुद्ध सख्त निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 21, किशोरगंज क्षेत्र में क्राउन पब्लिक स्कूल के निकट एक जार वाटर बॉटलिंग प्लांट का निरीक्षण किया गया, जहां उक्त इकाई का संचालन बिना वैध अनुमति के अवैध रूप से किया जाना पाया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संचालक पर नियमानुसार ₹50,000 (पचास हजार रुपये) का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना अधिरोपित किया गया तथा अवैध प्लांट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया गया। रांची नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध जल संयोजन, अवैध जार वाटर बॉटलिंग प्लांट एवं भूगर्भ जल के अनियमित दोहन के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।शहरवासियों से अपील है कि जल का संरक्षण करें, अनावश्यक बर्बादी से बचें एवं जल बचत के प्रति स्वयं भी जागरूक रहें तथा दूसरों को भी प्रेरित करें।जलापूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु नागरिक निगम के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *