दीपिका बनी स्कूल टॉपर, वर्षों से राज्य स्तर पर प्रतिभा का परचम लहरा रहा हेसल विद्यालय

अनगड़ा: – अनगड़ा प्रखंड के हेसल पंचायत स्थित जी.पी. मध्य एवं उच्च विद्यालय, हेसल (खोपी सरना) के छात्र-छात्राओं ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा में शामिल सभी 55 विद्यार्थियों में 52 ने प्रथम श्रेणी तथा 3 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। विद्यालय की छात्रा दीपिका कुमारी ने 427 अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं इन्दु रानी ने 422 अंकों के साथ दूसरा तथा निशा कुमारी ने 419 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यालय का इतिहास राज्य स्तरीय मेधा सूची में उत्कृष्ट प्रदर्शन का रहा है। वर्ष 2016 में विकास चौधरी ने 481 अंक (96.2%) लाकर पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद वर्ष 2020 में देवेश कुमार महतो ने 484 अंक तथा वर्ष 2022 में कुमकुम कुमारी ने 485 अंक (97%) लाकर राज्य में छठा स्थान हासिल किया। वहीं वर्ष 2023 में सादिया आफरीन ने 483 अंक प्राप्त कर झारखंड में आठवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई थी। विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. अमर कुमार चौधरी एवं प्राचार्य ब्रजेश कुमार महतो ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *