
प्रभात मंत्र संवाददाता
जमशेदपुर। भारतीय उद्योग जगत के पितामह और टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर में भव्य समारोहों की शुरुआत सोमवार को हो गई। शहर के ऐतिहासिक जुबिली पार्क में विशेष लाइटिंग का उद्घाटन किया गया, जिसमें टाटा समूह के शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
चंद्रशेखरन और नोएल टाटा ने किया उद्घाटन
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने संयुक्त रूप से इस भव्य लाइटिंग का उद्घाटन किया। इस मौके पर नोएल टाटा के परिवार की भी विशेष उपस्थिति रही, जहां उनकी पत्नी अलू मिस्त्री और बेटियां माया टाटा और लियाह टाटा भी उनके साथ मौजूद थीं। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने जुबिली पार्क में लगाई गई आकर्षक लाइटिंग का अवलोकन किया।
इस अवसर पर टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टी.वी. नरेंद्रन, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डी.बी. सुंदर रामम, और टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
3 से 6 मार्च तक जनता के लिए खुला रहेगा आयोजन
टाटा समूह ने इस भव्य लाइटिंग को आम जनता के लिए 3 मार्च से 6 मार्च 2026 तक खोलने का निर्णय लिया है। हालांकि 4 मार्च को यह लाइटिंग बंद रहेगी। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश का समय और मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
· समय: आम जनता शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक पैदल पार्क में आ-जा सकती है, जबकि वाहनों से आने वाले लोग रात 10 बजे से 11 बजे के बीच पार्क में प्रवेश कर सकेंगे।
· प्रवेश द्वार: साकची गेट, रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस गेट और निक्को जुबिली पार्क गेट से लोग अंदर जा सकेंगे।
· वाहन प्रवेश: वाहनों के लिए मुख्य प्रवेश रूसी मोदी सेंटर गेट से होगा।
· निकास द्वार: पैदल निकास साकची गेट, रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस गेट और पारसी कॉलोनी गेट से हो सकेगा।
लेजर शो और रोशनी से सजा शहर
लाइटिंग के अलावा पार्क में आकर्षक लेजर शो का भी आयोजन किया जाएगा, जो रोजाना शाम 7 बजे, शाम 7:45 बजे और रात 8:30 बजे तीन बार दिखाया जाएगा। इसके अलावा पूरे शहर को खास तौर पर सजाया गया है। शहर के प्रमुख गोलचक्करों से लेकर विशेष इमारतों तक को रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर जमशेदजी टाटा की जयंती के जश्न में डूबा हुआ नजर आ रहा है। शहरवासी इस भव्य आयोजन को देखने के लिए उत्सुक हैं।




