आदित्यपुर ‌ । सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात हुई गोलीबारी से पूरा इलाका थर्रा उठा। सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के पास वर्चस्व और आपसी रंजिश को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि हथियार निकल आए और फायरिंग शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में 22 वर्षीय युवक राजवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया है। ​निशाने पर कोई और, शिकार बना राजवीर प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले का मुख्य उद्देश्य आशीष नामक युवक को निशाना बनाना था। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों की मानें तो अपराधी संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार ने फायरिंग की थी। हमले के दौरान चली गोली लक्ष्य से चूक गई और वहां मौजूद राजवीर सिंह के शरीर में जा धंसी। गोली लगते ही राजवीर लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल राजवीर को तत्काल जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुँचाया गया। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, राजवीर की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसके उपचार में जुटी है। वारदात की खबर मिलते ही आदित्यपुर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सेवैया ने बताया कि “प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *