
पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम में सारंडा के घने जंगलों में रविवार को नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट हुआ है. नक्सलियों द्वारा बिछाये गये इस आईईडी की चपेट में आकर 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक गंभीर रूप से घायल हो गये. धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज जंगल के काफी दूर तक सुनाई दी. जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी. इसी आधार पर कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी. अभियान के दौरान जैसे ही टीम दुर्गम और घने जंगल क्षेत्र में आगे बढ़ी, उसी वक्त जमीन के नीचे प्लांट किया गया आईईडी विस्फोट कर गया. ब्लास्ट के तुरंत बाद मौके पर मौजूद जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए पूरे इलाके को घेर लिया. सुरक्षा बलों के जवानों ने किसी भी संभावित नक्सली हमले की आशंका को देखते हुए मोर्चा संभाल लिया है. तुरंत ही घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गयी. इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में भेजकर सर्च ऑपरेशन को और तेज किया गया, ताकि जंगल में नक्सलियों की किसी और साजिश को नाकाम किया जा सके. घायल सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर करने का निर्णय लिया गया है. उन्हें एयरलिफ्ट कर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. खेलगांव स्थित हेलीपैड पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम को अलर्ट पर रखा गया है. वहां से उन्हें सीधे राज अस्पताल ले जाया जाएगा. घटना के बाद से पूरे इलाके में हाई अलर्ट है. सुरक्षा बल की जंगल में तलाशी अभियान लगातार जारी है।


