
रांची । कैमूर जिले में NH19 पर भीषण सड़क हादसे में मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल हो गए। घटना कुदरा थाना क्षेत्र के नसेज के पास सोमवार तड़के करीब 3:00 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक यात्री बस की मोहनिया से सासाराम की ओर जा रहे ट्रॉली ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस, डायल 112 की टीम और एनएचएआई पेट्रोलिंग दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। मृतक सभी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


