
नई दिल्ली । ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद अब उनके परिवार के कई सदस्यों के भी मारे जाने की खबर सामने आई है. ईरानी सरकारी मीडिया के हवाले से बताया गया है कि इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हवाई हमलों में खामेनेई की बेटी, दामाद, बहू, पोती और अन्य करीबी रिश्तेदारों की भी मौत हो गई. हालांकि शुरुआती दौर में इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन बाद में ईरानी मीडिया ने इन खबरों की पुष्टि कर दी. ऐसे में अब ईरान ने 40 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार (28 फरवरी) को खामेनेई के घर और कार्यालय को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया था. उस समय उनके परिवार के कई सदस्य वहां मौजूद थे. इसी हमले में कई लोगों की जान चली गई. इजराइली मीडिया ने दावा किया है कि इसी हमले में खामेनेई की भी मौत हुई. इससे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी खामेनेई के मारे जाने का दावा किया था. अब ईरानी मीडिया ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।


