
हुसैनाबाद । हुसैनाबाद के एसडीओ सह आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता ने गुरुवार को पथरा पंचायत के कुशानारायण गांव सहित कई क्षेत्रों में जल-मिनार निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कुशानारायण में जल मिनार तो खड़ा कर दिया गया है, लेकिन इसके साथ लगने वाली वेट (टंकी) का निर्माण अब तक पूरा नहीं किया गया है। इस गंभीर लापरवाही पर उन्होंने पंचायत के मुखिया और संवेदक को कड़ी फटकार लगाई।
एसडीओ ने कहा कि सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और पशुओं को स्वच्छ व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जल मिनार केवल दिखावे के लिए नहीं है। जब तक टंकी का निर्माण नहीं होगा और पाइपलाइन चालू नहीं होगी, तब तक इसके निर्माण का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि जल मिनार से पानी हवदा (टंकी/संग्रह स्रोत) में आने पर खेतों एवं पशुपालन के लिए भी यह परियोजना काफी मददगार साबित होगी। ग्रामीणों को पानी की कमी से निजात मिल सकेगी।
एसडीओ ओमप्रकाश गुप्ता ने निरीक्षण के क्रम में चिरैंया खांड , कबरा कला सहित कई अन्य स्थानों पर बन रहे जल-मिनारों की भी गुणवत्ता व प्रगति की जांच की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया और लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।ग्रामीणों ने भी एसडीओ के इस सख्त रुख की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब जल्द ही उन्हें स्वच्छ जल की सुविधा मिल सकेगी।


