बंशीधर नगर:-राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर बिलासपुर ग्राम स्थित निर्माणाधीन चेकपोस्ट के समीप बीती रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन द्वारा बाइक में मारे गए जोरदार धक्के ने दोनों को इतनी गंभीर चोटें पहुँचाईं कि घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। मृतकों की पहचान नगर उंटारी थाना क्षेत्र के जासा दामर ग्राम निवासी रामजी बैठा के 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार बैठा और सलसलादी दामर ग्राम निवासी प्रसाद चौधरी के 19 वर्षीय पुत्र भीम कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार भीम अपने मित्र राकेश के साथ उत्तर प्रदेश के दुद्धी स्थित अपने रिश्तेदार को छोड़ने गया था। लौटते समय बिलासपुर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सबसे अधिक मार्मिक स्थिति भीम कुमार के परिवार की है, जहां दो दिन पहले ही खुशी का माहौल था। सलसलादी दामर निवासी प्रसाद चौधरी के पुत्र भीम का विवाह बिहार के डिहरी के अकोड़ा ग्राम में तय हुआ था और दो ही दिन पहले उसका छेका हुआ था। 26 अप्रैल 2026 को उसकी शादी होना तय किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *