
पटना। राजधानी के मुसल्लहपुर हाट स्थित फैजल खान उर्फ खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज पर बवाल मामले में जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद सोमवार को जेल से बाहर आए। 2 जून की रात हुए विवाद के अगले दिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। जमानत मिलने पर वे दोपहर में बेउर से बाहर निकले। बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने खान सर पर गंभीर आराेप लगाए। उन्होंने कहा कि फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई की हत्या कराई है। उन्होंने कहा कि वे बाहर थे तो भाई की हत्या क्यों नहीं हुई। जेल जाते ही साजिश के तहत उसकी जान ली गई है। उन्होंने कहा कि फैजल खान बहुत झूठ बोलता है। नार्को टेस्ट होना चाहिए। पहले कह रहा था कि गोली हमने चलवाई। वीडियो सामने आने पर पता चला कि गोली उसने चलवाई। मामले में सरकार और न्यायालय पर पूरा भरोसा है। हमारे साथ न्याय होगा। जेल से बाहर आने के बाद वे सीधे अपने भाई प्रिंस यादव की अंत्येष्टि में शामिल होने सहरसा के लिए रवाना हो गए। प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रिंस की आंख के ऊपर चोट के निशान पाए गए। इस मामले में प्रिंंस के साथ रहे चार साथियों को नेपाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। नेपाल में जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को वहां से सहरसा लाया गया। इस मामले में सियासत भी खूब तेज हो गई है।


