
खूंटी । झारखंड के खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मोटरसाइकिल गैरेज संचालक की निर्मम हत्या कर सनसनी फैला दी. सोमवार की सुबह थाना क्षेत्र के तांबा जंगल में 44 वर्षीय राधेश्याम साहू उर्फ राधे मिस्त्री का शव बरामद किया गया. अपराधियों ने पहले उन्हें घर से अगवा किया और बाद में पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी. मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात लगभग 3 बजे 4-5 अज्ञात अपराधी बोलेरो से राधेश्याम साहू के किराए घर पर पहुंचे और उन्हें जबरन अपने साथ ले गए. अपराधी उनकी स्कूटी को भी साथ ले गए. अगवा किए जाने के बाद राधेश्याम की पत्नी ने तुरंत रनिया थाना पहुंचकर पति के अपहरण की सूचना दी और पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी. इसके बावजूद सोमवार सुबह तांबा-केनबाकी पथ स्थित तांबा जंगल में उनका शव बरामद हुआ. सोमवार सुबह करीब 8 बजे साप्ताहिक हाट जा रहे राहगीरों की नजर सड़क किनारे स्कूटी के नीचे दबे शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि अपराधियों ने राधेश्याम के सिर को पत्थर से कूचकर उनकी दर्दनाक हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के ऊपर स्कूटी रख दी. सुबह करीब 9 बजे पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना मिली. घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार और रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तकनीकी अनुसंधान के सहारे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।


