
महाराष्ट्र । महाराष्ट्र के पंढरपुर में बहुत बड़ा सड़क हादसा हुआ है. पंढरपुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन एक कुएं में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि अब तक जो 8 शव बरामद हुए हैं, उनमें चार महिलाएं और चार बच्चे हैं. हालांकि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में 7 लोगों को बचा लिया गया. उन्हें हॉस्पिटल भेजा गया, उनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है. महाराष्ट्र की आध्यात्मिक राजधानी के नाम से मशहूर पंढरपुर तालुका के रंजनी गांव के रहने वाले कुछ लोग एक पिक-अप गाड़ी में यात्रा कर रहे थे. अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से उनकी गाड़ी एक कुएं में जा गिरी. वैन में सवार लोग म्हसवड में सिद्धनाथ के दर्शन के लिए गए थे. गांव लौटते समय, गाड़ी तांदुलवाड़ी गांव के पास एक कुएं में गिर गई. वापसी के दौरान तांदुलवाड़ी गांव के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद पिकअप वाहन सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरा. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. खबर मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ताजा जानकारी के अनुसार बचाव अभियान अभी भी जारी है और प्रशासन द्वारा अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


