
मुफ्त बिजली और स्थानीय बहाली की मांग, SECI प्रबंधन ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा।
अनगड़ा : गेतलसूद डैम में निर्माणाधीन मेगा फ्लोटिंग सोलर प्लांट को लेकर विस्थापितों का विरोध तेज हो गया है। प्रभावित ग्रामीणों ने अपनी आजीविका और अधिकारों की रक्षा के लिए रांची उपायुक्त (DC) को एक 8 सूत्री ज्ञापन सौंपा है। यह मांग पत्र सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SECI) के माध्यम से भेजा गया, जिस पर प्रबंधन ने 15 जून तक उचित कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया है।
विस्थापितों के प्रतिनिधि अजय उरांव ने स्पष्ट किया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन स्थानीय लोगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों की मुख्य मांगों में प्रभावित परिवारों को मुफ्त बिजली, समुचित पुनर्वास, स्थानीय युवाओं को रोजगार, शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास और ग्रामसभा की अनिवार्य सहमति शामिल हैं।
ग्रामीणों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि 15 जून तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो पूरे डैम क्षेत्र में आंदोलन को उग्र करते हुए परियोजना का काम पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। इस अल्टीमेटम के बाद जिला प्रशासन और SECI खेमे में हलचल बढ़ गई है। मौके पर मुख्य रूप से अजय प्रमुख दीपा उरांव मुखिया शांति मुंडा पूर्व प्रमुख अनीता गाड़ी उरांव गौरीशंकर मुंडा राजेश लोहरा नारायण महतो अजय राज सूरज उरांव रितेश महतो सतेंद्र मुंडा सुनील गोस्वामी जीतेन्द्र मुंडा बिपिन मुंडा कामेश्वर महतो नोगेन गोस्वामी बरुन ठाकुर दिनेश ठाकुर आदि मौजूद थे।



