
लोहरदगा । भंडरा-भौंरो मुख्य पथ ऑटो स्टैंड के समीप पिकअप वैन के अनियंत्रित होकर टक्कर मारने से युवक की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया है। मृतक युवक की पहचान भंडरा थाना क्षेत्र के नौडीहा छोटकी टोली निवासी विश्राम उरांव के पुत्र अमर उरांव (18वर्ष) के रुप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान भी नौडीहा छोटकी टोली निवासी लक्ष्मण उरांव के पुत्र अरुण उरांव (18 वर्ष) के रुप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नौडीहा छोटकी टोली निवासी लक्ष्मण उरांव के पुत्र अरुण उरांव अपने दोस्त विश्राम उरांव के पुत्र अमर उरांव के साथ पल्सर मोटर साइकिल से भौंरो मोड़ स्थित गैस गोदाम से लौट रहे थे, तभी भौंरो मोड़ की तरफ से सब्जी टोकरी लेकर तेज गति से जा रही पिक अप वैन संख्या जेएच जीरो 1 डीटी – 2209 ने अनियंत्रित होकर मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही अमर उरांव की मौत हो गई। जबकि अरुण उरांव गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने घटनास्थल पहुंच दोनों लोगों को अपने पुलिस वैन से सीएचसी भंडरा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अमर उरांव को मृत घोषित कर दिया है। वहीं सड़क दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल अरुण उरांव को प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है। इस दौरान सड़क दुर्घटना की घटना को अंजाम देकर भाग रहे पिक अप वैन को भौंरो के ग्रामीणों ने पकड़ कर भंडरा थाना पुलिस को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर भंडरा थाना पुलिस अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


