इंदौर । मध्य प्रदेश के इंदौर के शिप्रा क्षेत्र में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रशांत सिंह (29 वर्ष) का निधन हो गया। उन्हें तेज रफ्तार बस ने टक्कर मारी थी,शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया, जहां से अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश के बलिया ले जाया जाएगा। हादसे में जान गंवाने वाले प्रशांत सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र के निवासी थे। वे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पारिवारिक रिश्तेदार थे। उनके पिता प्रदीप सिंह, राजनाथ सिंह के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। शिप्रा थाना पुलिस के अनुसार, प्रशांत सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ किसी निजी कार्य से देवास गए थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे लौटते समय शिप्रा क्षेत्र में उन्होंने कार सड़क किनारे रोकी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में प्रशांत सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। दोस्तों ने उन्हें तत्काल इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण भाजपा के कई नेता और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। देर रात करीब 3 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *