
रांची। राजधानी रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आपराधी एक व्यवसायी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे. रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने व्यवसायी के घर पर बम फेंक कर धमकी दी. वहीं, पुलिस के जांच में खुलासा हुआ कि छह अपराधियों के गिरोह ने मिलकर रंगदारी मांगने और धमकाने की साजिश रची थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और दो अपराधियों अब्दुल रहीम और मोजिब अंसारी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधियों के पास से रंगदारी में इस्तेमाल मोबाइल फोन, बाइक, बम बनाने के डिब्बे, बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई है. फिलहाल चार अन्य फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. इस कार्रवाई में खलारी डीएसपी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी.


