लातेहार । जिले में रविवार की सुबह मोटरसाइकिल दुर्घटना में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई. घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र के ओल्हेपाट गांव के पास घटी है. मृतक युवक की पहचान टंडवा निवासी अनुज उरांव और युवती की पहचान लवागड़ा हेरहंज निवासी पूनम कुमारी के रूप में हुई है. दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे. घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस की टीम ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया है. दरअसल, लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू गांव में शनिवार को जतरा मेला का आयोजन किया गया था. पूनम कुमारी और अनुज उरांव मेला देखने गए थे. मेला की समाप्ति के बाद रात में दोनों गांव में ही रुक गए थे. रविवार की सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोनों बालूमाथ की ओर आ रहे थे. इसी दौरान ओल्हेपाट गांव के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार युवक और युवती की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. हालांकि, घटना की जैसे ही जानकारी मिली वैसे ही थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस की टीम 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. जहां जांच के बाद डॉक्टर संजय सिद्धार्थ ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. डॉ. संजय सिद्धार्थ ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *