
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आयोजित चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का विधिवत आगाज किया। यह आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लम्बे समय के बाद चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप- 2025 के आयोजन की, मेजबानी 2008 के बाद यह अवसर झारखंड प्रदेश को मिला है, यह हमारे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस आयोजन में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों (भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका) के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन से राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के प्रति झारखंड प्रदेश के नौजवानों में उत्साह और समर्पण देखने को मिलता है। विभिन्न खेल जैसे क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई अन्य खेलों में यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी लोग यहां चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में उपस्थित हुए हैं। झारखंड के नौजवान एथलेटिक्स के क्षेत्र में भी काफी रुचि रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप में देश के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन देखने को मिले इसके लिए हमें स्टेडियम में उपस्थित होकर उनका उत्साह बढ़ाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चैंपियनशिप में भी हमारे खिलाड़ियों पर हमें पूरा विश्वास है कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
राज्य में खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन होता रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका के खिलाड़ियों का झारखंड राज्य हार्दिक अभिनंदन करता है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन अवसर पर आज इन सभी खिलाड़ियों का यहां के कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक नृत्य के साथ स्वागत और अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के खेलों का आयोजन होता रहे इसके लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयासरत है। आज उत्साह भरे माहौल में खिलाड़ियों को हमारे राज्य के नौजवान स्टेडियम में उपस्थित होकर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों तथा एथलेटिक्स फेडरेशन के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एथलेटिक्स फेडरेशन एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से ही इस चैंपियनशिप का भव्य आयोजन हो रहा है।
खेल के समग्र विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं का होगा बेहतर उपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के समग्र विकास के लिए राज्य में बेहतर आधारभूत संरचना स्थापित है, इन आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए आने वाले समय में ऐसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहेंगी इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर खेल विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री इरफान अंसारी, कृषि विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद राज्यसभा डा महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक श्वेता सिंह, विधायक सुरेश बैठा, प्रेसिडेंट सैफ डॉ० ललित भनोट, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया सहित खेल निदेशक शेखर जमुआर, मधुकांत पाठक , विभिन्न देशों के खिलाड़ी गण व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
प्रिंस कुमार, संजना सिंह और समरदीप गिल ने जीते स्वर्ण पदक

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जारी चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदकों सहित कई पदक जीतकर धमाकेदार आगाज किया।पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में भारत के प्रिंस कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मिनट 22.17 सेकंड के समय के साथ चैम्पियनशिप का पहला स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल के रूप में कार्यरत प्रिंस ने बेहतरीन दमखम दिखाते हुए श्रीलंका के वक्शन विक्नराज (14:23.21 सेकंड) को पीछे छोड़ा, जिन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। नेपाल के मुकेश बहादुर पाल ने 14:25.25 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दबदबा बनाए रखा। संजना सिंह ने स्वर्ण पदक जीता जबकि सीमा ने रजत पदक हासिल किया, जिससे भारत ने इस इवेंट में 1-2 की शानदार बढ़त बनाई।पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा में भारत के समरदीप सिंह गिल, जिन्होंने उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक के रूप में हिस्सा लिया था, ने 19.59 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। रवि कुमार ने 17.95 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि श्रीलंका के मिथुनराज ने कांस्य पदक जीता।महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा में भारत की दिनेश वी ने 16.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वह श्रीलंका की अश्मिका केशन से केवल 5 सेंटीमीटर पीछे रहीं, जिन्होंने स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा किया।पहले दिन के इन शानदार प्रदर्शनों ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत इस चैम्पियनशिप में दबदबा बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है और एथलेटिक्स के क्षेत्र में दक्षिण एशिया की अग्रणी शक्ति के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहा है।




