
लातेहार । उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर लातेहार जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक नई व्यवस्था लागू की गई है। शुक्रवार से बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों के खिलाफ सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से ऑनलाइन चालान काटा जा रहा है। यह व्यवस्था जिले में यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जानमाल की हानि को रोकने के उद्देश्य से की गई है।सड़क सुरक्षा प्रबंधक मो. तनवीर ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर 2 बजे तक कुल 51 दोपहिया वाहन चालकों का ऑनलाइन चालान काटा जा चुका था।जो बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। चालान की प्रति सीधे संबंधित वाहन स्वामियों के मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही है।वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने जानकारी दी कि उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर पूरे जिले में ऑनलाइन चालान प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, गलत पार्किंग, ट्रिपल राइडिंग जैसी उल्लंघनों की निगरानी अब सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 114 चालान काटे गए हैं। जिनसे ₹1,14,000 की राशि वसूली गई है।श्री मंडल ने बताया कि जिला मुख्यालय के लगभग सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।जिनकी निगरानी जिला नियंत्रण कक्ष (Control Room) से की जा रही है। नियंत्रण कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा नियम तोड़ने वालों पर तुरंत ऑनलाइन कार्रवाई की जा रही है।उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है।बल्कि जीवन से खिलवाड़ भी है।जिले में ऑनलाइन चालान प्रणाली शुरू होने से सड़क अनुशासन में सुधार होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें।हेलमेट पहनें, वैध कागजात रखें और जिम्मेदार नागरिक बनें, ताकि लातेहार को एक ‘सुरक्षित यातायात जिला’ बनाया जा सके।


