नई दिल्ली । दिल्ली के रोहिणी में देर रात एक बड़ा एनकाउंटर हुआ, जिसमें बिहार से वांटेड चार कुख्यात बदमाशों को पुलिस ने ढेर कर दिया. यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की ज्वाइंट टीम ने मिलकर किया. ये बदमाश बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में आतंक मचाने की साजिश रच रहे थे. ये एनकाउंटर 22 और 23 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे हुआ. यह एनकाउंटर बहादुर शाह मार्ग पर डॉक्टर अंबेडकर चौक से लेकर पंसाली चौक तक चला. पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई, जिसमें चारों बदमाशों को गोलियां लगीं. सभी को बाद में इलाज के लिए रोहिणी स्थित डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया. एनकाउंटर में मारे गए बदमाशों में शामिल है – रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21). रंजन, बिमलेश और मनीष, सभी बिहार के सीतामढ़ी ज़िले के रहने वाले थे, जबकि अमन ठाकुर दिल्ली के करावल नगर के शेरपुर गांव का था. पुलिस के मुताबिक, ये चारों आरोपी बिहार में कई संगीन वारदातों में वांटेड थे. बताया जा रहा है कि यह गैंग ‘सिग्मा एंड कंपनी’ के नाम से कुख्यात था और इसका सरगना रंजन पाठक था. यह गैंग नेपाल से बिहार तक काम करता था. पुलिस को लंबे समय से इस गैंग की तलाश थी. आखिरकार दोनों राज्यों की पुलिस ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया और रंजन पाठक समेत सभी चारों बदमाशों को ढेर कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *