बेड़ो । बेड़ो थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित भेड़ीगढ़ा के चामा खूंटियारी जंगल में सोमवार रात 20 वर्षीय दिव्यांग सोमरा कुजुर (पिता- जयु कुजुर) की हत्या कर पेट्रोल से जला दिया गया। मंगलवार को पुलिस ने जंगल से युवक का अधजला शव बरामद किया। शव की स्थिति देखकर यह प्रतीत होता है कि हत्यारों ने उसे डंडे से पीटा और बाद में जला दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बेड़ो पुलिस को सूचना मिलने के बाद एएसआई भानु प्रसाद रजक और नरकोपी थाना प्रभारी नागेश्वर साव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले शव की शिनाख्त कराई और उसके बाद हत्या के कारणों व हत्यारों की तलाश शुरू की। इस दौरान एसपी प्रवीण पुष्कर, डीएसपी अशोक कुमार राम और इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। अंडा खरीदने के नाम पर घर से निकला था सोमरा: घटना स्थल पर मौजूद दिव्यांग सोमरा कुजुर के बड़े भाई जलहा कुजुर ने बताया कि सोमवार दीपावली की रात खाना खाने के बाद छोटा भाई अंडा खरीदने के लिए 30 रुपये लेकर घर से निकला था और उसके बाद घर वापस नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने अपने मवेशी चराने के क्रम में जंगल में शव देखा और इसकी सूचना गांव में दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक जांच और डॉग स्क्वायड की टीम: हत्या की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को घटनास्थल पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड जंगल में टिकरा टोली गांव के पक्के कुएं पर रुका। ग्रामीणों की मदद से कुएं की खोज की गई, लेकिन कुछ भी बरामद नहीं हुआ। वहीं मृतक के पिता जयु कुजूर ने बताया कि उसका पुत्र दिव्यांग और मंद बुद्धि का था। वह गांव में रहकर गाय-बकरी चराता था। शव को बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्यारों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *