साहिबगंज। झारखंड का कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा अब पलामू जेल के बजाय साहिबगंज मंडल कारा में रखा जाएगा। डीआईजी पलामू और जेल अधीक्षक की सिफारिश के बाद जेल आईजी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से उसके स्थानांतरण का आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक, सुजीत सिन्हा को पलामू केंद्रीय कारा से साहिबगंज जेल में शिफ्ट किया जाएगा। जेल आईजी के आदेश में झारखंड कारा हस्तक 2025 के नियम 552, 528 एवं 560 का हवाला दिया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि पलामू डीसी, एसपी और जेल अधीक्षक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर सुजीत सिन्हा के सुरक्षित स्थानांतरण की जिम्मेदारी लेंगे। 10 अगस्त 2025 को सुजीत सिन्हा को चाईबासा जेल से पलामू जेल लाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद से ही उसकी गतिविधियों में तेजी देखी गई, जिसके बाद सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से उसे पलामू जेल से हटाने का निर्णय लिया गया। साहिबगंज जेल में शिफ्ट किए जाने को लेकर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की चूक न हो। पलामू के रेडमा निवासी सुजीत सिन्हा पर पलामू जिले में ही 20 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू समेत कई जिलों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में वह कुछ मामलों में बरी भी हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *