
रांची। झारखंड के रांची जिले में गश्त लगा रही पुलिस की एक टीम पर अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। इसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना खलारी थाना क्षेत्र के पूर्वी राय इलाके में रविवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। जख्मी कांस्टेबल को रांची के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।खलारी के थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया कि पुलिस टीम पूर्वी राय इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में कांस्टेबल राम सारिक जख्मी हो गए हैं। उनका एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस की टीमें बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। कुछ पुलिस टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


