
रामगढ़: झारखंड में रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोठार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में 2 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक यात्री घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब बोकारो से रांची जा रही एक यात्री बस, जिसका नाम गोकुल था, सामने से आ रहे एक ट्रक से भिड़ गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है. हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया. बस में सवार यात्री चीख-पुकार के साथ इधर-उधर बिखर गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत निकट के सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया. घायलों में से सात की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रांची के रिम्स (रांची इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) रेफर कर दिया गया।


