
गिरिडीह । जिले के गावां थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर कांड के मुख्य आरोपी श्रीकांत चौधरी ने मंगलवार को सुसाइड कर लिया। उसे सोमवार को दो महिलाओं की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी थाना में सुतरी का फंदा बनाकर लटक गया। इससे उसके गले में गहरे जख्म बन गए। खून से लथपथ आरोपी को पुलिसकर्मियों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गावां पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दरअसल, श्रीकांत चौधरी पर गावां थाना क्षेत्र के नीमाडीह में दो महिलाओं सोनी देवी और रिंकू देवी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। दोनों के शव घर से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किए गए थे। पूरे मामले का खुलासा कॉल डिटेल के आधार पर हुआ। सोमवार को सोनी देवी की मां ने गावां थाना में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराते हुए खरसान निवासी श्रीकांत चौधरी पर हत्या की आशंका जाहिर की। साथ ही उन्होंने पुलिस को सोनी का मोबाइल फोन देकर जांच की मांग की। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर श्रीकांत चौधरी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने श्रीकांत के निशानदेही पर महिला के घर से 4 किलोमीटर दूर स्थित जंगल में गोलगो पहाड़ी से महिलाओं का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।


