
लातेहार: जिले के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।पहली घटना रांची-डाल्टनगंज एनएच पर स्थित 11 बटालियन सीआरपीएफ कैंप के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान गढ़वा के कांडी निवासी संजय राम के पुत्र के रूप में की गई है। वह बाइक से अपने घर कांडी लौट रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानेदार सुरेंद्र महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।वहीं दूसरी घटना सोमवार की रात पतकी जंगल के पास घटी। यहां भी बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रेवत कारी झरिया मणिका निवासी शक्ति किशोर यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह सोमवार की रात बाइक से घर लौट रहा था। मंगलवार सुबह पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


