
देवघर । शुक्रवार को भाजपा सांसद मनोज तिवारी और गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे पर देवघर में एफआईआर दर्ज की गई थी। दोनों सांसदों पर आरोप है कि वो बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर के गर्भगृह में जबरदस्ती घुसे और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। इस मामले को लेकर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने अपनी गिरफ्तारी देने का ऐलान किया था। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि जब वो शनिवार को एयरपोर्ट से सीधे बाबा धाम थाने पहुंचकर गिरफ्तारी देने गए तो पुलिस ने गिरफ्तार करने से इनकार कर दिया। एयरपोर्ट से सीधा बाबा धाम थाने पहुंचे निशिकांत दुबे ने कहा मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहा हूं। देवघर एयरपोर्ट से सीधा बाबा मंदिर थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचा तो पुलिस ने गिरफ्तार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं मंदिर ट्रस्टी, तीर्थ पुरोहित, देवघर में पैदा हुआ हूं और यहां का बेटा हूं। उन्होंने कहा कि केस करने वाले किस आधार पर गर्भ गृह के अंदर थे यह जांच का विषय है। दरअसल मंदिर के पुजारी कार्तिक नाथ ठाकुर ने पुलिस में दोनों सांसदों के खिलाफ शिकायत की थी। ठाकुर की शिकायत के बाद झारखंड की बाबा मंदिर थाने की पुलिस ने दोनों सांसदों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुजारी ठाकुर ने कहा कि श्रावण के पवित्र महीने में वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन बंद होता है, इसके बावजूद दोनों सांसद मंदिर के गर्भगृह के अंदर जबरदस्ती घुसे। उनकी शिकायत में निशिकांत दुबे और मनोज तिवार के साथ ही अन्य लोगों पर भी आरोप था कि उन्होंने गर्भगृह में घुसने के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया और इस दौरान सुरक्षा में तैनात लोगों के साथ मारपीट भी की थी। पुजारी ठाकुर ने कहा कि मंदिर के गर्भगृह में घुसने के दौरान हुई झड़प से वहां मौजूद अन्य भक्तों में दहशत का माहौल बन गया था। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है, जिसके बाद उन्होंने दोनों सांसदों के साथ ही अन्य लोगों के खिलाफ बाबा मंदिर थाने में शिकायत दी थी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY



