
रांची। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे उर्फ बाबा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा की बाबा मेरे अभिन्न मित्र थे। अचानक से उनका यूं हम सबको छोड़कर चले जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद पीड़ादायक है। अब मैं अपनी बातें किससे साझा करूंगा। यह सोचकर दिल भर आता है। उनके साथ बिताए हुए पल हमेशा याद आएंगे और उनकी कमी जीवन भर खलेगी। इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह उन्हें अपनी शरण में स्थान दें और परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मेरे लिए वह सिर्फ एक वरिष्ठ नेता नहीं, परिवार जैसे थे : ददई दुबे जी का जाना व्यक्तिगत क्षति है

डॉ. इरफान अंसारी मंत्री, झारखंड सरकार (स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग) आज मन अत्यंत विस्मित और व्यथित है। पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और हम सबके पथ-प्रदर्शक ददई दुबे का असामयिक निधन मेरे लिए केवल एक राजनीतिक क्षति नहीं, बल्कि व्यक्तिगत शोक है। वे मेरे लिए एक आदर्श, गार्जियन और सच्चे मार्गदर्शक थे। उनका जीवन ईमानदारी, सादगी और संघर्ष की जीती-जागती मिसाल था। मैंने उनसे न सिर्फ राजनीति सीखी, बल्कि जीवन के मूल्य और आत्मसम्मान के साथ खड़ा रहना भी सीखा।बाबा से मेरे पारिवारिक संबंध थे, हम अक्सर अपने दिल की बातें साझा किया करते थे। आज ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने परिवार का एक हिस्सा खो दिया है।उनका जाना पलामू ही नहीं, पूरे झारखंड की राजनीति के लिए एक युग का अंत है।ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें। मैं इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हूं।

