रांची : नशा और साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत लोअर बाजार थाना की ओर से संत पॉल कॉलेज, रांची में “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी के.वी. रमन तथा लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।इस अवसर पर सिटी एसपी पारस राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया का उपयोग बेहद सावधानी से करना चाहिए और अपनी निजी तस्वीरें अनावश्यक रूप से साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत ड्रग्स की खरीद-बिक्री, सेवन और संग्रहण करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है।उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से प्रभावित करती है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की बड़ी जिम्मेदारी है। पारस राणा ने बताया कि झारखंड सरकार ने ड्रग्स तस्करों की सूचना देने वालों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। वहीं सिटी डीएसपी के.वी. रमन ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते खतरों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल विवेकपूर्ण ढंग से करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर जानकारी सही नहीं होती, इसलिए किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए। सिटी डीएसपी के वी रमन ने छात्रों को सलाह दी कि अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल स्वीकार न करें और ऐसे नंबरों को तुरंत ब्लॉक कर दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक या एपीके (आपके) फाइल को खोलने से बचें, क्योंकि इनके जरिए मोबाइल फोन हैक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग लालच और झांसे से बचें तो अधिकांश साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी बैंक कभी फोन कर ग्राहकों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगता। कार्यक्रम के अंत में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह ने रांची पुलिस के इस जागरूकता अभियान में सहयोग के लिए संत पॉल कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों तथा उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और साइबर अपराध दोनों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के कोऑर्डिनेटर डॉ. विमल कुमार ने किया। इस दौरान कॉलेज के कई प्राध्यापक, पुलिस अधिकारी
तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *