रांची। राजधानी रांची के कोर कैपिटल एरिया में होटल ताज के निर्माण के लिए शिलान्यास इस वर्ष नवंबर तक होने की उम्मीद है. राज्य सरकार ने होटल ताज के लिए निर्धारित ऊंचाई 26 मीटर से बढ़ाकर 27 मीटर करने की अनुमति दे दी है. वहीं, पूर्व में मैक्सिमम ग्राउंड कवरेज एरिया 25 प्रतिशत था, इसे भी बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने की मंजूरी दी गयी है. पिछले दिनों कैबिनेट से नगर विकास विभाग के इस प्रस्ताव पर मंजूरी दी गयी थी. इसके साथ ही अब होटल ताज के लिए द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आइएचटीएल) ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. बताया गया कि डिजाइन आदि की स्वीकृति में कुछ समय लग सकता है. नवंबर तक शिलान्यास कराये जाने की योजना है. धुर्वा के कोर कैपिटल एरिया में 6 एकड़ के बड़े क्षेत्र में होटल ताज का निर्माण होगा. 400 करोड़ रुपये की लागत से होटल का निर्माण किया जायेगा. होटल में 200 कमरें होंगे. होटल ताज अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. इसमें बैंक्वेट एरिया, वेलनेस सेंटर, स्वीमिंग पूल, गार्डेन आदि की सुविधा मिलेंगी. मालूम हो 24 जुलाई 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में होटल ताज के लिए एमओयू हुआ था. यहां ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी की जमीन है. ग्रेटर रांची द्वारा यहां 6 एकड़ जमीन होटल ताज के लिए दी गयी थी. पर पूर्व में स्वीकृत प्लान के अनुसार मैक्सिमम ग्राउंड कवरेज 25 प्रतिशत की ही अनुमति थी. जिसके कारण आइएचटीएल आगे नहीं बढ़ रहा था. आइएचटीएल ने सरकार से योजना पर कुछ संशोधन की मांग की थी. अंततः पिछले दिनों संशोधन कर दिया गया है. साथ ही इसके लिए विमानपत्तन प्राधिकरण से भी एनओसी लेने की बात कही गयी है. बताया गया कि भवन के डिजाइन पर विमानपत्तन प्राधिकरण से भी अनुमति ली जायेगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *