रांची । चुनाव आयोग ने झारखंड के डुमरी से विधायक जयराम महतो और उनकी पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) पर लगे विदेशी फंडिंग के आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। सऊदी अरब से फंडिंग के आरोपों के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी ने बोकारो जिला उपायुक्त को जांच करने के निर्देश दिए हैं। पश्चिम बंगाल के राहुल बनर्जी ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। राहुल ने शिकायत में कहा था कि जयराम महतो ने अपनी पार्टी JLKM के लिए सऊदी अरब से चुनाव फंडिंग प्राप्त की। यह मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (MCC) और चुनावी नियमों का उल्लंघन है। शिकायत में मांग की गई कि महतो की पार्टी का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाए और उन्हें चुनावी प्रक्रिया से प्रतिबंधित किया जाए।  भारत के चुनावी कानूनों के तहत राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को विदेशी स्रोतों से किसी भी प्रकार की फंडिंग प्राप्त करने की सख्त मनाही है। शिकायत में JLKM पर विदेशों से फंडिंग प्राप्त कर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को कमजोर करने का आरोप लगाया गया। JLKM के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी के सभी उम्मीदवारों ने चुनाव के दौरान QR कोड का उपयोग कर दान प्राप्त किया। हालांकि, उन्होंने सऊदी अरब से फंडिंग प्राप्त करने के आरोपों को खारिज कर दिया। पार्टी ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। महतो हाल ही में एक और विवाद में फंसे थे, जब उन्होंने अपने सहायक को रिश्वत लेने के आरोप में पीटने की धमकी दी थी। इस घटना ने उनकी छवि पर सवाल खड़े किए थे। अब विदेशी फंडिंग के आरोपों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।  

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *