15 नवंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड आ सकते हैं। पीएम के आगमन को लेकर तैयारी  जोरों पर है। इधर, सूचना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 15 नवंबर को होने वाले झारखंड स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रण भेजेंगे। इस आशय का पत्र एक से दो दिन में पीएमओ को भेजा जाएगा। हालांकि अभी तक पीएम के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा भी नहीं हुई है। ऐसे में राज्य सरकार पीएम मोदी के आधिकारिक कार्यक्रम की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर 15 नवंबर को झारखंड आते हैं तो वह भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थली खूंटी के उलिहातू गांव आएंगे। एक तरह से देखा जाए तो प्रधानमंत्री का यह दौरा झारखंड के आगामी चुनाव के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित होगा। यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खूंटी में जनसभा से पीएम झारखंड में करेंगे लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज
खूंटी में प्रस्तावित पीएम मोदी की जनसभा को झारखंड में लोकसभा चुनाव प्रचार के आगाज के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दिसंबर जनवरी के बाद किसी भी समय देश में लोकसभा चुनाव की संभावना है। उस लिहाज से प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को लोकसभा चुनाव प्रचार के रूप में भी देखा जा रहा है। स्थानीय भाजपा संगठन भी मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए जुट गई है।

बिरसा मुंडा का जिक्र करना नहीं भूलते 
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी जनजातीय समुदाय के लिए कई योजनाएं भी शुरू कर सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले साल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 15 नवंबर को उलिहातू का दौरा किया था। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की थी और उन्हें उपहार दिए थे। अच्छी बात यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अक्सर अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा का जिक्र करते हैं। पिछले 2 वर्षों से पूरा देश बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाता है। इधर, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उस दिन कई योजनाओं की शुरुआत करने वाले हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *