खरसावां : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर खरसावां पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के मद्देनजर बुधवार को खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में पुलिस बल के जवान भी शामिल रहे। फ्लैग मार्च के दौरान बाजार क्षेत्र, मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम करना है, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही कहा कि सभी नागरिक प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *