
हजारीबाग । जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। यहां महुआ शराब बनाने के दौरान जहरीली गैस बनने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर तरफ सिर्फ इसी हादसे की चर्चा हो रही है। जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग काफी समय से घर में महुआ शराब बनाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब बनाने के लिए सेफ्टी टैंक का इस्तेमाल किया जा रहा था। मंगलवार सुबह जब टैंक से शराब निकालने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अंदर जहरीली गैस भर गई। गैस की चपेट में आते ही तीनों लोग मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए कटकमसांडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मरने वाले तीनों सदस्य एक ही परिवार के थे और लंबे समय से महुआ शराब के धंधे से जुड़े हुए थे। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और लोग इस घटना को लेकर सकते में हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में जहरीली गैस बनने की वजह से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर टैंक में इतनी जहरीली गैस कैसे बनी। इस हादसे के बाद पूरे कुद गांव में सन्नाटा पसरा है। गांव वालों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि रोजमर्रा का काम इतनी बड़ी त्रासदी बन जाएगा। एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरा इलाका गमगीन है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz


