गढ़वा । श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बुधवार सुबह तालाब में दोनों बच्चियों का शव मिलने के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी एवं परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने गई थीं। शाम तक जब दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रातभर ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार की सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चे शौच के लिये तालाब के किनारे पहुंचे। इसी दौरान लोगों ने अकेलवा तालाब में दो शव तैरते देखा। यह दृश्य देखते ही बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिये गढ़वा भेज दिया। घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने आई थीं। भीषण गर्मी के कारण वे तालाब में नहाने उतर गईं, लेकिन उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *