
बंशीधर नगर: नगर ऊंटारी -भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर दहेड़िया के समीप मैजिक और टेंपो के बीच हुई भीषण टक्कर में करीब डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड गांव से लोग टेंपो पर सवार होकर श्री बंशीधर नगर के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री के छेका समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा नेता कन्हैया चौबे, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद एवं थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कुमार गुप्ता, बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव, टिंकू उरांव एवं अजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
वहीं लवकुश कुमार, अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह, दीपक कुमार, अंकुश कुमार तथा यूपी के कोनमंडरा गांव निवासी शिवकुमार उरांव सहित अन्य घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


