
गढवा : जेल से बाहर आने के बाद बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे कुख्यात अपराधी ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी को पुलिस ने उसके छह सहयोगियों के साथ रविवार को दबोच लिया। सभी अपराधी शहर के नगवां मुहल्ला स्थित सरस्वतिया नदी किनारे एक अर्द्धनिर्मित मकान में बैठकर ट्रेन से उतरने वाले एक यात्री को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने अपराधियों के पास से चार देसी कट्टा, चार जिंदा गोली, दो मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त किए। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया गया। रविवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में उक्त एसडीपीओ नीरज कुमार ने जानकारी। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में नगवां मोहल्ला निवासी ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी, टंडवा देवीधाम निवासी प्रिंस कुमार, दीपुवां मोहल्ला निवासी आकाश कुमार दुबे, नहर चौक निवासी पवन कुमार चंद्रवंशी, टंडवा देवीधाम निवासी इनायत सिद्दीकी उर्फ ढिबरी, पलामू जिलांतर्गत रेहला निवासी वैभव केशरी और चिनियां रोड निवासी संतोष सोनी शामिल हैं।एसडीपीओ ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि जेल से निकला कुख्यात अपराधकर्मी ज्ञान प्रकाश अपने सहयोगियों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर एसडीपीओ नीरज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने नगवां मुहल्ला स्थित सरस्वतिया नदी किनारे अर्द्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। वहां सभी अपराधी घटना की योजना बनाते हुए रंगेहाथ पकड़े गए। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि ट्रेन से उतरने वाले एक व्यक्ति को लूटने की योजना थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई।गिरफ्तार अपराधी ज्ञान प्रकाश पर हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं इनायत सिद्दीकी उर्फ ढिबरी पर चोरी और घर में घुसकर चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं संतोष सोनी पर भी चोरी और आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके अलावा आकाश कुमार दुबे का भी आपराधिक इतिहास रहा है। छापेमारी दल में एसडीपीओ नीरज के अलावा पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णा कुमार कुशवाहा, अविनाश राज, आदित्य कुमार नायक, प्रदीप उरांव, प्रदीप केशरी, रंजन कुमार शाह, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु सिंह, अरविंद दुबे, राजदेव सिंह, हवलदार सत्येंद्र उरांव, आरक्षी मनोज कुमार यादव व आरक्षी योगेंद्र कुमार दुबे शामिल थे।


