लोहरदगा । जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह एक और दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला जिसमें एक तेज रफ्तार कार पेड़ में टकराने से भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई,जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आवास के समीप हुआ,जहां तेज रफ्तार टाटा सफारी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफारी कार रघुटोली की ओर से शहर की तरफ आ रही थी।वाहन की रफ्तार काफी तेज थी।अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया,जिसके बाद कार पहले सड़क किनारे लगे बैरिकेडिंग से टकराई और फिर डिवाइडर पार करते हुए पेड़ से जा भिड़ी।हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से कार में फंसे सभी युवकों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।चिकित्सकों ने जांच के बाद खालारी निवासी प्रमोद कुमार सिंह उर्फ चंपा को मृत घोषित कर दिया।वहीं हादसे में घायल अन्य युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार कुड़ू थाना क्षेत्र के पंडरा गांव निवासी आजसू नेता लाल गुड्डू नाथ शाहदेव एवं जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी के पुत्र विराट शाहदेव अपने दोस्तों के साथ कड़ाक गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।कार में विराट शाहदेव,सम्राट शाहदेव,प्रमोद कुमार सिंह उर्फ चंपा,विकेश सिंह,दीपेश्वर सिंह तथा उतम सिंह सवार थे।हादसे में गंभीर रूप से घायल विराट शाहदेव,सम्राट शाहदेव,विकेश सिंह और उतम सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया गया,जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का है।फिलहाल पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *