
धनबाद । धनबाद जिले की तोपचांची झील में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। नहाने के दौरान डूब रहे एक युवक को बचाने की कोशिश में दूसरा युवक भी पानी में समा गया और दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है और इलाके में मातम पसरा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झील से दोनों युवकों के शव इस हालत में मिले कि वे एक-दूसरे से लिपटे हुए थे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। मृतकों की पहचान झरिया निवासी अमन झुनझुनवाला और गोविंदपुर क्षेत्र के अरमान आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए तोपचांची झील पहुंचा था। नहाते वक्त गहरे पानी में डूबने लगा अमन जानकारी के अनुसार, अमन झुनझुनवाला अपने दोस्तों रुद्र कुमार साव और प्रियांशु कुमार के साथ घूमने निकला था। सभी पहले लीची बागान इलाके में रुके, खाना खाया और फिर झील की ओर चले गए। नहाने के दौरान अमन अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान अरमान आलम ने बिना देर किए झील में छलांग लगा दी। उसने अमन को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन झील की गहराई दोनों पर भारी पड़ गई। मदद के बावजूद दोनों युवक पानी से बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों ने भी बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही तोपचांची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव झील से बाहर निकाले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए थे, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो गया। बाद में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


