गिरिडीह । निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक, कार समेत करीब 13 वाहनों को रौंद दिया। भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और निमियाघाट पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बगोदर की ओर से आ रही ट्रक संख्या जेएच 02 बीएल 1853 बस पड़ाव के समीप एक बाइक को सटाते हुए तेज गति से इसरी की ओर भागने लगी। इसी दौरान इसरी पुल से पहले ट्रक ने एक बाइक और टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी दो कार समेत कई वाहनों को रौंदते हुए ट्रक एक चहारदीवारी तोड़कर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में कुल 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों में डुमरी के नावाटांड़ निवासी कारी इरशाद (46), गिरिडीह निवासी सुजीत (37) एवं डुमरी के घुटवाली निवासी संतोष महतो (30) की पहचान हुई है, जबकि एक अन्य मृतक के पहचान की प्रक्रिया जारी थी। घायलों में नावाटांड़ की रुखसार खातून, रांगामाटी निवासी सागीर, इसरी की सुधा वर्मा तथा बगोदर निवासी संजय कुमार साव शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, डुमरी के प्रभारी एसडीएम संतोष गुप्ता एवं सीओ शशिभूषण वर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *