खूंटी । खूंटी पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार को खूंटी थाना क्षेत्र के जिलिंगा जंगल में छापेमारी कर संगठन के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देशी कट्टा और 8 एमएम की दो गोलियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रनिया थाना क्षेत्र के निचितपुर गांव निवासी 32 वर्षीय राजू स्वांसी और उड़िकेल बड़का टोली निवासी 27 वर्षीय कुलन कोनगाड़ी शामिल हैं। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के सदस्य जंगल में जुटकर लेवी वसूली, संगठन विस्तार और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। इसके बाद प्रोबेशनर डीएसपी राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाकर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि तीन-चार अन्य उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पूछताछ में दोनों ने पीएलएफआई से जुड़े होने और लेवी वसूली में शामिल रहने की बात स्वीकार की। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार कुलन कोनगाड़ी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ तोरपा और रनिया थाना में दुष्कर्म, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित चार गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। कार्रवाई में एसडीपीओ वरुण रजक, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, दीपक कांत कुमार, श्यामल कुंभकार समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *