
धनबाद । झारखंड के धनबाद जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां भू-धंसान की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से शवों को बाहर निकाला गया। जिले के कतरास इलाके के सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबार बस्ती में अचानक जमीन धंस गई, जिससे एक घर पूरी तरह टूटकर गिर गया। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद तीन लोग मलबे के नीचे दब गए। रेस्क्यू टीम ने देर रात करीब ढाई से तीन बजे तक अभियान चलाया और मलबे से तीनों के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान मनोहर उरांव, उनकी बेटी गीता देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मनोहर उरांव और उनकी बेटी घर में थे। उसी समय सरिता देवी किसी काम से उनके घर आई हुई थीं। तभी अचानक जमीन धंस गई और तीनों को संभलने का मौका नहीं मिला। मनोहर उरांव की पत्नी छोटू देवी ने बताया कि वह घटना के समय घर पर नहीं थीं, बल्कि पड़ोस में गई हुई थीं। जब हादसा हुआ, तब उनके पति, बेटी और सरिता देवी घर के अंदर ही थे। सरिता देवी की बेटी ने भी बताया कि उनकी मां मनोहर उरांव के घर गई थीं और उसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। काफी देर बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ और शवों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर समय पर बचाव कार्य शुरू होता, तो शायद तीनों की जान बचाई जा सकती थी।


