
मेदिनीनगर । शहर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर-कोयल पुल से बुधवार की सुबह करीब 10 बजे एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर छोड़कर नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने दोनों बच्चों के साथ पुल पर पहुंची थी। अचानक उसने बच्चों को पुल पर ही छोड़ दिया और खुद नीचे कूद गई। यह दृश्य देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी बीच शदीक मंजिल चौक के पास टीओपी-3 टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुमार मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना टीओपी-1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान को दी। सूचना मिलने पर इंद्रदेव पासवान तथा सहायक पुलिसकर्मी प्रफुल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के बाद भी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल महिला की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावागेठा गांव निवासी आरती देवी (पति शशि राम) के रूप में हुई है। उसका मायका चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा नेउरा गांव में बताया जा रहा है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz



