
रांची । झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल चुका है. रांची में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. मौसम केंद्र, रांची ने राज्य के कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. यह सिलसिला 10 मार्च से शुरू होकर 13 मार्च तक देखने को मिल सकता है. इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मंगलवार की शाम पश्चिमी सिंहभूम के कई इलाकों में तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान खासकर राज्य के मध्य और उत्तरी जिलों में अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं. इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम केंद्र के अनुसार 11 और 12 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा. इनमें रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, कोडरमा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिल शामिल हैं, जहां गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है. हालांकि 13 मार्च तक आते-आते इसका असर धीरे-धीरे कम हो जाएगा और मौसम की गतिविधियां राज्य के संथाल परगना क्षेत्र तक सीमित रह जाएंगी. इस दौरान देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी.


