
चाईबासा । झारखंड के पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल के जराइकेला थाना क्षेत्र का कोलबोंगा शनिवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। सुबह नौ बजे के करीब नक्सलियों व सुरक्षाबलो के बीच हुई मुठभेड़ में जमकर गोलीबारी हुई। खबर है कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने हेलीकाप्टर से भी गोलियां चलाईं। हालांकि, मुठभेड़ को लेकर अबतक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। केंद्र सरकार द्वारा नक्सलियों के खात्मे को लेकर 31 मार्च तक दिए गए अल्टीमेटम को लेकर सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ अंतिम और निर्णायक लड़ाई चल रही है। बचे हुए नक्सलियों के खात्मे को लेकर जवानों द्वारा ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। खबर है कि नक्सलियों के खिलाफ इस समय सारंडा में चार हजार जवान ऑपरेशन में लगे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में सुबह अचानक से जोरदार गोलियों की आवाज आने लगा। गोलियों की तडतड़ाहट की गूंज पूरे इलाके में सुनाई देने लगी। जिसके बाद ग्रामीण अपने-अपने घर में दुबक गए।


