गिरिडीह । नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड संख्या 18 में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. हंगामे के बाद आक्रोशित लोगों ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की. इस दौरान हुई फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी. घायलों में मो शमीम अंसारी उर्फ शेरू और मो असलम हैं. दोनों को गंभीर अवस्था में धनबाद रेफर किया गया है. शेरू के सिर में गोली लगी है, जबकि असलम के पैर में गोली लगी है. जानकारी के अनुसार, वार्ड 18 में मतदान शुरू होते ही दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गयी थी. दिन भर रुक-रुककर झड़प और मारपीट होती रही, जिस पर पुलिस को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा. स्थिति उस समय और बिगड़ गयी, जब मतदान के अंतिम चरण में आजाद नगर मोहल्ले में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गये. देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और तोड़फोड़ शुरू हो गयी. इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गयी, जिसमें दो लोग घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और पचंबा थाना की पुलिस समेत कई अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गये. घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया. इधर, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया जारी है. शाम पांच बजे तक जो मतदाता बूथ के अंदर प्रवेश कर चुके थे, उन्हें मतदान का अवसर दिया गया. देर शाम तक लगभग 60 प्रतिशत से अधिक मतदान की सूचना मिली है. वहीं बड़की सरैया नगर पंचायत में भी मतदान जारी था. कई बूथों पर पांच बजे के बाद भी लंबी कतारें देखी गयीं. यहां शाम पांच बजे तक 63.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इधर, राजधनवार नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया समाप्त हो गयी, जहां 65.22 प्रतिशत मतदान की सूचना है. मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटियों को सील कर गिरिडीह स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में सुरक्षित भेज दिया गया‌।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *